कायमगंज। नगर के लोहाई बाजार स्थित सराफ की दुकान में बिजली के केबल में फाल्ट से लगी आग से लाखों का फर्नीचर व जेवर जलकर नष्ट हो गए। सराफ के साथ ऊपरी मंजिल पर आर्म्स स्टोर में धुआं उठने से खलबली मच गई। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद जब आग काबू पाया तो पुलिस व बचाव कार्य में जुटे लोगों ने राहत की सांस ली।
मोहल्ला बजरिया निवासी राजीव वर्मा व आनंद वर्मा की लोहाई बाजार में भोलानाथ शिवशंकर लाल के नाम से सराफा प्रतिष्ठान व आर्म्स स्टोर है। पास में ही उनके चचेरे भाई दिलीप वर्मा की सराफ की दुकान है। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने से राजीव वर्मा की दुकान बंद थी। पड़ोसी दिलीप की दुकान खुली थी।
आसपास की अन्य दुकानें भी खुलीं थीं। दोपहर करीब 12:45 बजे राजीव वर्मा के साइन बोर्ड से चिपककर निकली केबल में फाल्ट हो गया। फाल्ट दुकान में लगे एसी तक पहुंच गया। एसी से धुआं निकलने लगा। दिलीप ने धुआं निकलता देखा तो उन्होंने राजीव को सूचना दी। आपसास के दुकानदार दुकानें बंद कर भागने लगे।
आग से लोग दहशत में आ गए कि कहीं ऊपरी मंजिल के आर्म्स स्टोर में आग से धमाका न हो जाए। एसी में आग कंडेंसर व कम्प्रेसर में आग से धमाकों की आवाज सुनाई दी।
गनीमत रही कि आर्म्स स्टोर ऊपरी मंजिल पर होने से वहां तक आग नहीं पहुंची इससे बड़ा हादसा होने से भी टल गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल व इंस्पेक्टर संतोष अवस्थी फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने दोनों ओर से आवागमन बंद करा दिया। बिजली कर्मचारियों से लाइन बंद कराकर पड़ोसी दुकानदार व पुलिस कर्मी बचाव कार्य मे जुट गए। फायरब्रिगेड को सूचना दी गई।
फायरब्रिगेड नहीं पहुंची, एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। पड़ोसी दिलीप वर्मा की दुकान का साइन बोर्ड जल गया। राजीव वर्मा ने बताया कि आग से उनका करीब डेढ़ लाख कीमत का फर्नीचर, लाखों के जेवर व चांदी के बर्तन जलकर नष्ट हो गए। उन्होंने बताया अभी नुकसान का आकलन नहीं किया है।