राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिले में सर्वे चल रहा है। इसमें
दबंग लग गए हैं। यह चहेतों को लाभ दिलाने के लिए सर्वेयरों पर दबाव डाल
रहे हैं। इससे योजना में अपात्रों के शामिल होने का अंदेशा बना हुआ है। शहर
व देहात में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सर्वे चल रहा है। यह सर्वे 20
फरवरी तक पूरा होना था लेकिन अभी तक 50 फीसदी सर्वे भी पूरा नहीं हो पाया
है।
शहर पालिका में स्कूली शिक्षकों के अलावा पालिका के कर्मचारी भी लगे
हैं। सर्वे में अपने चहेतों को लाभ दिलाने के लिए दबंग और सियासी लोग लग
गए हैं। यह सर्वे करने वालों पर अपने खासमखासों को शामिल करने का दबाव
बना रहे हैं। सर्वेयरों के अपात्रों को शामिल न करने पर यह बदतमीजी पर
आमादा होने लगते हैं। इससे सर्वे में व्यवधान आ रहा है।
सर्वे करने वाले
पालिका के कर्मचारियों ने यह दुखड़ा ईओ पीके श्रीवास्तव से रोया है।
उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी हिमांशु द्विवेदी से भी शिकायत की है। सर्वे
में इस व्यवधान से काम पूरा नहीं हो पा रहा है। सर्वे के बाद नगरीय
इलाकों से 64 फीसदी व देहात इलाकों से 80 फीसदी आबादी को लाभ के लिए
शामिल किया जाना है। 20 फरवरी तक सर्वे पूरा होना था। अभी तक शहरी इलाके
में सर्वे 50 फीसदी भी नहीं हो पाया है।
कराई जाएगी कार्रवाई
सर्वे
में अराजक तत्वों के व्यवधान डालने की शिकायतें मिली हैं। इस मामले को
गंभीरता से लिया जा रहा है। ऐसे लोगों का रवैया न बदला तो कड़ी कार्रवाई
कराई जाएगी।
हिमांशु द्विवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी
यह मिलना है लाभ
- प्रति व्यक्ति पांच किलो या एक परिवार को हर माह 35 कि लो रियायती दर पर अनाज मिलेगा।
-6 माह से 14 साल तक के बच्चों को पोषक आहार दिया जाएगा।
- रियायत में 3 रुपया किलो चावल प्रति किलो की दर से मिलेगा।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम की ड्यूटी में पांच गैरहाजिर
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सर्वेे के लिए नगर पालिका क्षेत्र में
वार्डवार लगाई गई ड्यूटी में पांच शिक्षकों ने अभी तक ड्यूटी नहीं ली है।
कार्यालय अधीक्षक ने ड्यूटी न करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई के लिए डीएम
को संस्तुति की है।
अधिनियम के तहत वार्डवार परिषदीय विद्यालयों के
शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके तहत शिक्षकों को वार्ड में खाद्य
सुरक्षा अधिनियम के तहत घर-घर जाकर लोगों के सर्वे फार्म भरवाने हैं। अभी
तक अधिकतर वार्डों में शिक्षक सर्वे
फार्म भरवाने नहीं पहुंच रहे हैं। पांच
शिक्षकों ने अभी तक ड्यूटी ही शुरू नहीं की है। प्राथमिक विद्यालय प्रीतम
नगला की सहायक अध्यापिका सीमा देवी की वार्ड नंबर 1, प्राथमिक विद्यालय
नरायनपुर की सहायक अध्यापिका वंदना गौतम की वार्ड नंबर 19, सहायक अध्यापक
आलोक कुमार की वार्ड नंबर 28, पूर्व माध्यमिक विद्यालय लिंजीगंज की प्रीती
की वार्ड संख्या 32 और नवीन प्राथमिक विद्यालय घोड़ा नखास की सहायक
अध्यापिका सारिका वैश्य की वार्ड 36 में ड्यूटी लगाई
गई थी। यह अभी तक
ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। कार्यालय अधीक्षक जितेंद्र मिश्र ने बताया कि
ड्यूटी पर न पहुंचने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को
संस्तुति भेजी है। उधर, अधिकतर वार्डों में शिक्षक घर-घर न जाकर सभासदों से
संपर्क कर उनके घर के पास ही लोगों के सर्वे फार्म भरवा रहे हैं।