फर्रुखाबाद। बरेली-इटावा हाईवे के मुरहास के नजदीक टोलप्लाजा के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने ओवरटेक करने के प्रायस में बेवर की ओर से आ रही कार में टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक और दो युवतियां घायल हो गईं। घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां जीएनएम की छात्रा को मृत घोषित कर दिया गया। उसकी तीन माह पहले ही एटा जिले में शादी हुई थी।
कंपिल थाने के गांव भरथरी निवासी संतोष कुमार की पुत्री संध्या बघार स्थित बाबू सिंह मेडिकल कालेज में जीएनएम की छात्रा थी। वह एक कार से राजेपुर थाने के गांव त्रिलोका निवासी अंजू (18) और पांचाल घाट निवासी सुशील कुमार (45) के साथ बेवर की ओर से लौट रहे थे। इसी दौरान मुरहास के नजदीक टोलप्लाजा के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने कार में टक्कर मार दी। इससे तीनों घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। वहां संध्या को मृत घोषित कर दिया। कम चोटें होने के चलते सुशील और अंजू अस्पताल से चले गए।
पिता संतोष ने बताया कि बेटी संध्या की शादी तीन माह पहले एटा जिले के जसरथपुर थाने के गांव गौसैया निवासी सुखवीर के साथ की थी। वह कहां से लौट रही थी, इसकी जानकारी नहीं है। वह पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। बड़ी बहन सुमन, छोटा भाई प्रभात, ध्रुव व बहन काजल हैं। मां ईश्वर देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।