महिला सशक्तीकरण पर हुई कार्यशाला में एसओ मऊदरवाजा ने छात्राओं और शिक्षिकाओं को जागरूक रहने के निर्देश दिए। मनचलों अथवा अराजक तत्त्वों की छींटाकशी करने पर पुलिस, शिक्षक और अभिभावकों से शिकायत करने की नसीहत दी।
बुधवार को शहर के कृष्णा देवी बालिका डिग्री कालेज में हुई कार्यशाला में एसओ भुवनेश कुमार गौतम ने कहा कि छात्राएं किसी अनहोनी की आशंका को नजर अंदाज न करें। तुरंत महिला हेल्पलाइन 1090 पर फोन करें। मोबाइल की फास्ट डायलिंग में डायल 100, महिला हेल्पलाइन 1090 नंबर को सेव कर लें। 1090 नंबर न लगने पर 9454401090 नंबर पर एसएमएस भी किया जा सकता है। कहा कि राह
चलते यदि कोई परेशान करता है, तो इसकी जानकारी अपने मित्र, अभिभावक, शिक्षकों के अलावा पुलिस को दें। एसओ ने थाने का सीयूजी नंबर भी छात्राओं को लिखवाया। कहा कि किसी भी अनहोनी के होने पर जो भी आपके पास हो उसको हथियार के रूप में प्रयोग करें। जोर जोर से चिल्लाएं। इससे सामने वाले का हौसला टूटने लगता है और आसपास के लोग भी आपकी मदद को आगे आ जाते हैं।