अमृतपुर। बहन के साथ कॉलेज जाने के लिए निकली छात्रा की कुठला झील में डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला।
थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर भुवनपुर निवासी सफाईकर्मी हरिकिशन की शमसाबाद ब्लॉक के गांव अजीजाबाद में तैनाती है। उसकी पुत्री कल्पना(16) दयानंद इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ती थी। छोटी बहन मधु कक्षा दस की छात्रा है। बुधवार को दोनों बहनें साइकिल से घर से कॉलेज जाने के लिए निकली। रास्ते में कुठला झील है। इसमें बाढ़ का पानी भरा है। दोनों बहनें झील के पास घूमने चली गई। अचानक पैर फिसलने से कल्पना झील के अंदर गिर गई। गहरे पानी में जाने से कल्पना डूबने लगी।
मधु ने शोर मचाया लेकिन आस पास कोई नहीं था। मधु साइकिल से घर पहुंची। परिजनों को जानकारी दी। परिजन व पुलिस मौके पर आए। गोताखोरों की मदद से कल्पना की तलाश करवाई। लगभग एक घंटे में गोताखोरों ने शव को बाहर निकाल लिया। मां प्रीती, भाई अनुपम, दीपक, सुमित व बहन मधु दहाड़े मारकर रोने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ मीनेश पचौरी ने बताया कि पैर फिसलने से कुठला झील में डूबने से छात्रा की मौत हो गई है। इस मामले में पोस्टमार्टम सहित विधिक कार्रवाई की गई है।