फर्रुखाबाद। तेल पिराने के लिए सरसों निकालने गई एक महिला के हाथ में सांप ने डस लिया। परिजन उसकी झाड़-फूंक कराते रहे। अचेत हो जाने पर दोपहर बाद लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इस पर परिजन गुस्साने लगे। उन्होंने जीवित होने की बात कही। दोबारा झाड़-फूंक कराने अस्पताल से लेकर चले गए।
मोहम्मदाबाद थाने के गांव ऊगरपुर मदनपुर निवासी राजबहादुर जाटव की पत्नी रेनू (30) बुधवार दोपहर कमरे में रखी सरसों निकालने गई थीं। उसी समय उसके हाथ में सांप ने डस लिया। चीख-पुकार पर पहुंचे परिजनों ने सांप को देख लिया। परिजनों ने हाथ में चीरा लगा दिया और झाड़-फूंक कराते रहे। इसी दौरान अचेत हो जाने पर दोपहर तीन बजे परिजन लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद रेनू को मृत घोषित कर दिया। इस पर परिजन इमरजेंसी कक्ष में गुस्साने लगे। वह रेनू के जीवित होने की बात कह रहे थे। साथ में आए देवर राजीव ने बताया कि भाभी के तीन बच्चे चांदनी, प्रांशु व दिवाकर हैं। कहा कि भाभी खत्म नहीं हुईं हैं। वह इनका देशी इलाज करवाएंगे। बिना कुछ लिखापढ़ी के ही शव लेकर चले गए।