फर्रुखाबाद। चार माह पहले खेत में बनी कोठरी में युवती से दुष्कर्म के बाद वह गर्भवती हो गई। पीड़िता ने घर पर जानकारी दी, तो आरोपियों ने धमका कर दवाई खिलाकर गर्भपात करवा दिया। पिता और युवती ने आईजीआरएस पर शिकायत की। फिर एसपी से शिकायत कर घर लौटते वक्त एक दरोगा ने हथियापुर चौकी पर रोक लिया। वहां आरोपियों से समझौता पत्र लिखवाकर उनके हस्ताक्षर करवा लिए। पिता ने सोमवार को एसपी से फरियाद कर आरोपियों पर मुकदमा लिखाने की मांग की हालांकि थानाध्यक्ष ने ऐसी किसी घटना से इन्कार किया है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने सोमवार को एसपी को पत्र दिया। कहा कि उनकी पुत्री के साथ गांव के ही एक बाग की कोठरी में कुछ नामजदों ने चार माह पहले दुष्कर्म किया था। इसके बाद वह गर्भवती हो गई, तो इसकी जानकारी उसे दी गई। दुष्कर्म करने वालों ने धमका कर उसे दवाई खिलाकर गर्भपात करवा दिया। इसके बाद आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते रहे।
उन्होंने 28 अक्तूबर को आईजीआरएस पर इसकी शिकायत की। 29 अक्तूबर को वह बेटी के साथ एसपी से मिला। उन्होंने जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। पत्र में कहा कि वह बेटी के साथ घर लौट रहा था, तो आईजीआरएस वाली शिकायत की जांच कर रहे दरोगा ने फोन कर रास्ते में रोक लिया। वह हथियापुर चौकी पर ले गए। वहां आरोपी पहले से बैठे थे। एक आरोपी से समझौता पत्र लिखवाकर बेटी और उससे हस्ताक्षर करवा लिए। दरोगा ने गूगल मैप से एक फोटो भी खींचकर आईजीआरएस शिकायत के निस्तारण पर अपलोड किया।
पीडि़त पिता ने कहा कि मामले में सुनवाई नहीं हो रही है। उसने दबंग आरोपियों पर शीघ्र मुकदमा दर्ज करने की मांग की। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई। किसी की बेटी दुष्कर्म के बाद गर्भवती हो जाएगी, तो वह थाने आएगा। कोई शिकायत करने नहीं आया। आईजीआरएस शिकायत की जांच से भी अनभिज्ञता जताई। कहा कि यदि ऐसा मामला है, तो वह जांच करेंगे।