फर्रुखाबाद। देश सेवा का जज्बा लेकर अग्निवीर भर्ती में बरेली के 5604 युवाओं ने दौड़ लगाकर दमखम का प्रदर्शन किया। सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस व पीएसी के जवान मुस्तैद रहे। डीएम व एसपी ने मौके पर जाकर जायजा लिया।
शनिवार शाम से बरेली जनपद की तहसील बहेड़ी व आंवला के युवा अग्निवीर भर्ती में शामिल होने के लिए फतेहगढ़ आने लगे थे। करियप्पा ग्राउंड से लेकर बड़ा चौराहा तक युवाओं का देर रात तक जमावड़ा लगा रहा। रात 12 बजे युवाओं को बरगदिया घाट पहुंचने के निर्देश दिए गए।
तीन बजे के बाद सेना के अधिकारियों ने युवाओं के एकत्र होने वाले स्थल में प्रवेश पर रोक लगा दी। युवाओं के आवेदन पत्र व प्रपत्रों की जांच करने के बाद 100- 100 की टोलियों में युवाओं को बरगदियाघाट से रवाना किया गया।
युवाओं को ब्लूवेल स्कूल के सामने बेरीकेडिंग में लाइन से खड़ा करने के बाद लंबाई व सीने की नाप जोख की गई। नाप में खरा उतरने वाले युवाओं को दौड़ के लिए राजपूत रेजिमेंट सेंटर के करियप्पा ग्राउंड भेजा गया। वहां युवाओं ने दौड़ लगाकर दमखम का प्रदर्शन किया। दौड़ में सफल हुए युवाओं को शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने के लिए भेजा गया। असफल युवाओं को मैदान मेें एक जगह एकत्र करने के बाद एक साथ बाहर निकाला गया।
करियप्पा ग्राउंड के बाहर निकले असफल युवकों की भीड़ को देखकर पुलिस भी चौकन्नी हो गई। डीएम संजय कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। युवाओं को घर जाने के लिए प्रेरित किया गया। बस अड्डे व रेलवे स्टेशन पर पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी के जवान तैनात रहे। एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति ने बताया कि बरेली की दो तहसील के 5604 युवा दौड़ में शामिल हुए हैं।