कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव जिजपुरा में मंगलवार को एक 21 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में आग से गंभीर रूप से झुलस गई। मौके से एक सुसाइड नोट व टेप बरामद हुआ है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
गांव निवासी महेंद्र कुमार की पुत्री नीलम खेत पर बनी झोपड़ी में मंगलवार शाम को गई थी। वहां गृहस्थी का सामान रखा था और मवेशी बंधे रहते हैं। कुछ ही देर बाद झोपड़ी से धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से झुलसी युवती को बाहर निकाला गया। सीएचसी के चिकित्सक के अनुसार वह करीब 90 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। घटना के बाद सीएचसी में परिजन ने एक युवक पर आग लगाने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस को घटनास्थल से पेट्रोल की बोतल के साथ एक सुसाइड नोट व टेप भी मिला है, जिसमें लिखा है, मैं जा रही हूं और छोटी बेटी बनकर फिर आऊंगी। इसके अलावा छानबीन में पुलिस को एक बच्चे ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले वह झोपड़ी में गया था तब वहां केवल नीलम थी। कोई अन्य व्यक्ति नहीं था। वह अपने मुहं पर टेप लगाए थी। इससे वह वहां से चला गया था। युवती पांच भाइयों में इकलौती बहन बताई जा रही है। उसका भाई भीम आर्मी का जिला उपाध्यक्ष है।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ पहुंचे। एएसपी व सीओ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एएसपी अरुण अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन परिजनों के आरोपों को भी गंभीरता से लिया गया है। पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।