फर्रुखाबाद। जिले के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय, संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई एवं वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को घर बैठे ऑनलाइन किताबें मंगवाने की सहूलियत दी गई है। इसका कक्षा नौ से 12 तक के छात्रों को फायदा मिलेगा।
प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक मनेंद्र मिश्रा ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को भेजे पत्र में कहा कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने हाईस्कूल के कक्षा नौ व 10, की अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान एवं इंटरमीडिएट स्तर कक्षा 11 व 12 की अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, व्यवसाय अध्ययन, लेखाशास्त्र, मनो विज्ञान, गृह विज्ञान समेत 36 विषयों की 70 एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तकें सभी स्कूलों में मान्य होंगी। पुस्तक विक्रेताओं को यह पुस्तकें उपलब्ध करवा दी हैं। इसके अलावा दूरदराज गांवों के छात्रों की सहूलियत के लिए ऑनलाइन पुस्तकों की बिक्री भी शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि अब छात्र-छात्राएं पुस्तकों का सेट चयन कर घर बैठे मंगवा लें।