फर्रुखाबाद। सीजेएम कोर्ट के पीछे कचरे में भीषण आग लगने से खलबली मच गई। कोर्ट मैनेजर की सूचना पर पहुंची दमकल ने आग को बुझाकर शांत किया। मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही।
मंगलवार की दोपहर सीजेएम कोर्ट के पीछे कचरे में आग लग गई। आग ने कुछ देर में विकराल रूप धारण कर लिया। पास के चाय के होटल में बैठे वकील व वादकारी बाहर निकल आए। होटल मालिक ने सिलिंडर हटाकर दूर रख दिए। आग की जानकारी कोर्ट मैनेजर को मिली। उन्होंने दमकल को सूचना दी। लगभग बीस मिनट बाद पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया। घटना से कोई नुकसान नहीं हुआ।
बोलेरो की मांग कर महिला को घर से निकाला
मोहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी पिंकी ने मंगलवार को तहरीर दी। इसमें बताया कि तीन वर्ष पहले फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दुर्गा कालोनी निवासी युवक के साथ उसकी शादी हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही ससुरालीजन दहेज में बोलेरो की मांग कर मारपीट करने लगे। मांग नहीं पूरी होने पर 14 फरवरी को उसको मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया।(संवाद)