नवाबगंज। गैंगस्टर के आरोपी का 27 लाख कीमत का मकान पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में कुर्क कर लिया गया। पुलिस ने मुनादी करवाकर मौके पर कुर्क की संपत्ति का बोर्ड लगा दिया है।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव सैथरा निवासी अमित कुमार के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमे की विवेचना कंपिल एसओ अशोक कुमार कर रहे हैं। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने गैंगस्टर के मुकदमे में आरोपी अमित कुमार की संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए थे।
शुक्रवार को तहसीलदार कायमगंज व एसओ कंपिल फोर्स के साथ नवाबगंज थाना क्षेत्र के ब्लाॅक कार्यालय के पास स्थित अमित कुमार के मकान पर पहुंचे। यह मकान अमित की पत्नी मुन्नी देवी के नाम है। पुलिस ने मुनादी करवाने के बाद अमित कुमार का मकान कुर्क कर लिया। पुलिस व प्रशासन का दावा है अमित कुमार ने अपराध करके यह संपत्ति अर्जित की है। मौके पर आस पास के लोगों की भीड़ लगी रही।