फर्रुखाबाद। गैंगस्टर के आरोपी सपा नेता जग्गू की मारपीट के दो मुकदमों में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की कोर्ट में पेशी कराई गई। दोनों मुकदमों में सुनवाई के लिए आठ जुलाई की तिथि तय की गई है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के लोको कालोनी निवासी सपा नेता देवेंद्र सिंह यादव उर्फ जग्गू व उनके बड़े भाई योगेंद्र सिंह यादव उर्फ चन्नू के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने देवेंद्र सिंह यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लोको कालोनी निवासी अनीता ने देवेंद्र यादव उर्फ जग्गू यादव व योगेंद्र यादव उर्फ चन्नू व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ 12 नवंबर 2018 को मुकदमा दर्ज कराया था।
इसमें आरोप लगाया कि इन लोगों ने घर में घुसकर पति पंकज राय के साथ मारपीट कर पिस्टल से फायर करने का प्रयास किया था। चन्नू यादव ने पति की कार को देने से इन्कार कर दिया था। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बंधौआ कालोनी निवासी राहुल परमार ने 4 दिसंबर 2022 को देवेंद्र यादव उर्फ जग्गू , पत्नी प्रीती यादव व उनके पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इसमें बताया कि भाई रोहित के साथ मिलकर प्रीती यादव से एक प्लाट लिया था। उसका पूरा रुपया भी भुगतान कर दिया। उसके बाद भी इन लोगों ने रुपये मांगे और भाई रोहित को मारपीट कर घायल कर दिया। भाई सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाया और आत्महत्या करने जा रहा था। उसके जेएनवी क्रासिंग से पकड़कर घर लाया। इन दोनों मुकदमों में जग्गू ने जमानत नहीं करवाई थी। बी वारट तामील होने के बाद दोनों मुकदमों में सपा नेता की सोमवार को सीजेएम कोर्ट में पेशी कराई गई। कोर्ट ने दोनों मुकदमों में सुनवाई के लिए आठ जुलाई की तिथि तय की है।