कायमगंज। गांव प्रेमनगर निवासी 16 वर्षीय किशोर को बेरहमी से पीट-पीटकर अधमरा कर देने के मामले में उसकी मां ने एक स्कूल के शिक्षक सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
रविवार देर शाम गांव प्रेमनगर निवासी स्व राजवीर पेंटर का 16 वर्षीय पुत्र हिमांशु वेलकम गेस्ट हाउस की ओर टहलने गया था। वहां एक स्कूल के शिक्षक, गांव घसिया चिलौली निवासी कन्हैया व दो अज्ञात लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद लात-घूंसों और बेल्ट से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। जानकारी पर उसकी मां बेबी वहां पहुंची तो घायल हालत में बेहोश पड़े हिमांशु को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया।
प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। किशोर की मां बेबी ने गांव घसिया चिलौली निवासी कन्हैया, शिक्षक व दो अज्ञात के खिलाफ धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। मंडी चौकी प्रभारी केके कश्यप ने बताया कि घायल किशोर के बयानों के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।