कायमगंज। गैंगस्टर पर धन उगाही के लिए व्यापारियों को धमकी देने का आरोप लगाया गया है। छह से अधिक व्यापारियों ने एसपी विकास कुमार से मुलाकात कर सुरक्षा के लिए फरियाद की है।
मंगलवार को तंबाकू व्यापारी मनोज गंगवार, शशांक अग्रवाल उर्फ हनी सहित छह से अधिक व्यापारी एसपी विकास कुमार से मिले। सभी व्यापारियों ने हस्ताक्षर युक्त एक प्रार्थना पत्र एसपी को दिया। इसमें उन्होंने कहा कि गांव गढ़ी इज्जत खां निवासी युवक जो कि शातिर किस्म का अपराधी है, उस पर गैंगस्टर समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
हाल में ही वह गैंगस्टर के मुकदमे में जेल से जमानत पर छूटा है। वह तंबाकू व्यापारियों को आए दिन धन उगाही के लिए धमकी देता है। व्यापारियों ने मांग की है गैंगस्टर से उनकी जान माल की सुरक्षा कर कड़ी कार्रवाई की जाए। व्यापारियों ने बताया एसपी ने इस मामले में जांच करवाकर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इस दौरान व्यापारी आमिर अली खां, संजय अग्रवाल उर्फ मुन्ना, अवधेश कौशल, गौरव गुप्ता, अभिषेक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।