शुक्रवार देर शाम क्षेत्र के एक गांव में दलित किशोरी के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के बाबा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार हैं। पुलिस ने किशोरी को सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक क्षेत्र के गांव की एक किशोरी अपने घर के बाहर लकड़ी लेने गई थी। तभी गांव के राहुल, मनोज व मानू ने उसे दबोच लिया। उसे उठाकर बाग के पास में स्थित एक गेहूं के खेत की तरफ ले गए। आरोप है कि वहां तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
इसके बाद किशोरी को जान से मार डालने की धमकी देते हुए भाग गए। इधर, बदहवास हालत में अपने घर पहुंची किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिवारीजन उसे कोतवाली लेकर पहुंचे। पुलिस को पूरी घटना बताई।
पुलिस ने किशोरी के बाबा की तहरीर पर राहुल, मनोज व मानू के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित 376 के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने एक अभियुक्त राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष दधिबल तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट लिखकर जांच शुरू कर दी गई है।
भागे हमलावरों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।