फर्रुखाबाद। जिले में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से दस सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। इससे गंगा के किराने बसे गांवों के लोगों की मुसीबतें और बढ़ गई हैं। गुरुवार को 20 से अधिक गांवों तक पानी पहुंचने से ग्रामीण चिंतित हैं।
जिले में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। बुधवार को छोड़े गए 2.14 लाख क्यूसेक पानी की वजह से गुरुवार को गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर से दस सेंटीमीटर ऊपर 136.70 मीटर पर पहुंच गया है। इससे जनपद के गंगा किनारे बसे 20 से अधिक गांवों तक पानी पहुंच गया है।
लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। गंगा के बढ़े जलस्तर के चलते तेजी से कटान हो रहा है। वहीं रामगंगा का जलस्तर बढ़कर 134.10 मीटर पर पहुंच गया है। जिससे नदी के आसपास बसे गांवों के ग्रामीण भी बाढ़ की आशंका से परेशान हैं। वहीं दो गांव ऐसे भी हैं, जहां से लोग पलायन को मजबूर हो गए हैं। वहीं दूसरी ओर कन्नौज में गुरुवार को गंगा का जल स्तर 123.730 मीटर रहा। यदि बारिश तेज हुई तो गंगा का जल स्तर और बढ़ सकता है। जलस्तर बढ़ने से पानी पक्के घाट की सीढ़ियों तक पहुंच गया है।