कोतवाली क्षेत्र के गांव सहसापुर में दोस्त ने चाकू से हमला कर युवक से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
सहसापुर निवासी अवनीश सिंह पुत्र जसकरन सिंह ग्वालियर में रहने वाले अपने बाबा शंकर सिंह के यहां से सोमवार की शाम वापस आया था। अवनीश नवीगंज में बस से उतरने के बाद पैदल घर जाने लगा। अवनीश के मुताबिक गांव के पास दोस्त प्रशांत उर्फ लल्ला राठौर ने उसे रोक लिया।
प्रशांत के साथ में एक युवक था। यह लोग उसे पकड़कर ले गए। इन्होंने उसके पास से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर चाकू से वार कर लहूलुहान कर दिया। इनके चंगुल से छूटकर घर पहुंचने पर अवनीश ने परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोगों ने अवनीश को आनन फानन में आवास विकास कालोनी स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
हालत गंभीर होने पर अवनीश को आईसीयू में रखा गया है। अवनीश के पिता ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी। परिजनों का कहना था कि अवनीश ट्रैक्टर-ट्राली खरीदने के लिए बाबा के यहां से रुपये लेकर आया था। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।
कोतवाल भीम सिंह जावला ने बताया कि दरोगा शीलेश गौतम को मौके पर भेजकर जांच कराई गई। जांच में मामला लूट का नहीं निकला। दोनों पक्षों में दोस्ताना संबंध हैं। मामले को देखा जा रहा है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।