कायमगंज। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज में गर्भवती महिलाओं को मुफ्त अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलने लगी है।
सीएचसी पर 2005 में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाई गई थी, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट न होने से वह वर्षों से बंद पड़ी थी। एक वर्ष पहले प्रशिक्षण प्राप्त डॉ. जितेंद्र बहादुर सिंह की तैनाती की गई। हाल ही में नई अल्ट्रासाउंड मशीन भी स्थापित की गई है। शनिवार दोपहर अल्ट्रासाउंड कक्ष का उद्घाटन सांसद मुकेश राजपूत और विधायक डॉ. सुरभि ने फीता काटकर किया। इसके बाद डॉ. जितेंद्र ने तीन गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड कर सुविधा का शुभारंभ किया।
उधर, उद्घाटन के दौरान सांसद ने आयुष्मान कार्ड की प्रगति रिपोर्ट मांगी तो पटल पर बैठे कर्मचारी सही जवाब नहीं दे सके। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शोभित कुमार, डॉ. विपिन कुमार, ब्लॉक प्रमुख अनुराधा अरुण दुबे, देवेंद्र दुबे, रश्मि दुबे, महेंद्र राजपूत, शिव कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे। (संवाद)