फर्रुखाबाद। शहर के लालगेट स्थित एक प्रोडक्ट बेचने वाली कंपनी के दफ्तर में कासगंज की दो युवतियों से नौकरी के नाम पर ठगी कर ली गई। पीड़िताओं ने कादरीगेट थाने में पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कासगंज के गांव मोहनपुर थाना सहावर निवासी रंजना यादव और सुन्नगढ़ी थाने के गांव महमूदपुर निवासी नीलम यादव मंगलवार दोपहर में कादरीगेट थाने पहुंची। उन्होंने इंस्पेक्टर विनोद शुक्ला को बताया कि मार्च 2023 में लालगेट स्थित एक प्राइवेट कंपनी ने उन्हें 12 हजार रुपये प्रतिमाह पर भर्ती किया था।
वह रोजाना सुबह सात से 10 बजे तक ट्रेनिंग करने लालगेट स्थित दफ्तर जाती थीं। कंपनी के लोगों ने काउंसलिंग के नाम पर रविवार को 14 हजार रुपये लिए। कंपनी की एक महिला कर्मचारी ने वेतन देने की खुद जिम्मेदारी ली थी। उन्होंने जून तक काम किया। मगर उसके बदले कोई भी पैसा नहीं दिया। पीड़िताओं की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।