फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का अपात्र व स्वर्गवासी भी लाभ ले रहे हैं। केंद्र सरकार की ओर से जारी सूची के सत्यापन में 684 किसानों की निधि में गोलमाल मिला है। इससे अपात्र किसानों से रिकवरी होने के साथ-साथ चयन करने वाले लेखपालों पर भी कार्रवाई की तलवार लटकी है।
जिले में करीब दो लाख किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं। केंद्र सरकार ने 10 प्रतिशत लाभार्थियों की सूची जारी कर सत्यापन के आदेश दिए थे। उपकृषि निदेशक ने जून में सत्यापन शुरू किया जो अब पूर्ण हुआ है। इसमें 684 किसानों के खाते में गलत तरीके से किस्ते भेजना पाया गया। इसमें 400 से अधिक किसकान अपात्र मिले, जो किसी सरकारी सेवा में होने के साथ-साथ
मोटी पगार पा रहे हैं। कुछ भूमिहीनों को भी लाभ दिया जा रहा है। वहीं 200 से अधिक किसानों को मरने के बाद भी किस्तें मिल रही हैं। उपकृषि निदेशक राजकुमार ने बताया कि इनके खातों में दो से छह किस्तें तक भेजी जा चुकी हैं। अपात्र किसानों से रिकवरी की जाएगी, जबकि मृत किसानों की सम्मान निधि रोक दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अपात्र किसानों का चयन करने वाले संबंधित लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।