थाना क्षेत्र के कंपिल-बदायूं मार्ग स्थित अटैना पुल पर रविवार शाम दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इससे बाइकों पर सवार एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। सूचना पर बदायूं व कंपिल पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल बदायूं होने से उसहैत थाना पुलिस ने घायलों को बदायूं के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मरने वाले सभी मेहनत मजदूरी करते थे।
कंपिल के गांव राईपुर चिनघटपुर निवासी दयाशंकर(36) पुत्र रामदीन अपने बड़े भाई रामनरेश(50) व भतीजे रंजीत उर्फ नन्हें(25) पुत्र रामनरेश के साथ रविवार शाम बाइक से कलान जनपद शाहजहांपुर जाने के लिए निकले थे। दयाशंकर बाइक चला रहा था। तभी अटैना पुल पर सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर हो गई।
इससे दयाशंकर व उसके भाई रामनरेश, वहीं दूसरी बाइक पर सवार कंपिल के गांव कटिया निवासी मुफीद(22) पुत्र रहीस आलम, उसकी सास जनपद कासगंज के थाना सिकंदरपुर वैश्य के गांव महमूदपुर निवासी अफसाना बेगम पत्नी केसर खान की मौत हो गई। रंजीत उर्फ नन्हें व मुफीद की चचिया सास फरजाना बेगम पत्नी सफी आलम गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मुफीद अपनी सास व चचिया सास को लेकर रिश्तेदारी से घर लौट रहा था। राहगीरों ने यूपी 112 व एंबुलेंस को सूचना दी। कंपिल थाने के दरोगा राजवीर सिंह व उसहैत पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल जनपद बदायूं का होने से उसहैत पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने बदायूं जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने फोन से घायलों के परिवार वालों को सूचना दी। उसहैत पुलिस क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर थाने ले गई। कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था।
सगे भाइयों की मौत से गांव में मचा कोहराम
गांव राईपुर चिनघटपुर निवासी दयाशंकर, रामनरेश सगे भाई थे। दोनों की मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया। दोनों भाई खेती व मेहनत मजदूरी कर बच्चों का पालन पोषण करते थे। दयाशंकर के दो पुत्रियां अंकिता(6), सोनाक्षी(3), व एक पुत्र अर्पित(4) है। रामनरेश के तीन पुत्र गोविंद(24), नीरज(21), रंजीत(19) हैं।
ससुराल में ही रहता था मुफीद
कटिया गांव निवासी मुफीद आलम की शादी 6 वर्ष पूर्व कासगंज के गांव महमूदपुर निवासी केसर खान की बेटी रुकसाना से हुई थी। तभी से मुफीद अपनी पत्नी के साथ ससुराल में ही रहने लगा था। उसके दो अबोध बच्चे हैं। मुफीद मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। वह कभी कभी अपने गांव भी घूमने आता था।
वाहन अटैना पुल पर भरते है फर्राटा
कंपिल-बदायूं मार्ग पर स्थित अटैना पुल लगभग एक किलोमीटर लंबा है। काफी चौड़ाई में बना है। कंपिल से अटैना जाने वाले मार्ग की हालत दयनीय है। सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने से बड़े बड़े गड्डे हैं। इससे अटैना पुल पर पहुंचते ही वाहन तेज रफ्तार फर्राटा भरने लगते हैं। इससे आए दिन बड़ी घटनाएं होती रहती हैं। इस घटना से पूर्व में भी कई लोगों की सड़क हादसों में मौत हो चुकी है।