फर्रुखाबाद। होली के दिन रंजिश में हुई दो हत्याओं के मामले में करीब 19 साल बाद अदालत ने सुनवाई पूरी कर ली। मेरापुर थाना क्षेत्र के दुल्लामई गांव में पांच मिनट के अंतराल में हुई कौशलेंद्र और रक्षपाल की हत्या के जवाबी मुकदमों में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय संख्या एक अभिनीतम उपाध्याय ने दोनों पक्षों के चार लोगों को दोषी करार दिया। अदालत ने सभी दोषियों को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेजने के आदेश दिए। सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए पांच नवंबर की तारीख तय की है।
दुल्लामई गांव निवासी मिथलेश कुमारी पत्नी कौशलेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि पांच मार्च 2007 को दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपने पति के साथ गांव में होली मिलने जा रही थीं। हरिपाल के घर के पास पहुंचने पर रक्षपाल, बबलू उर्फ अनिल कुमार, शिवेंद्र और बबलू मिल गए। सभी असलहों से लैस थे। पति कौशलेंद्र को गले मिलने के लिए बुलाया। जैसे ही वह आगे आए, ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इससे पति कौशलेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
इसी घटना के जवाब में दर्ज दूसरे मुकदमे में रक्षपाल की पत्नी मिथलेश ने बताया था कि उनके पति होली मिलने के बाद घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 2:35 बजे तारा सिंह शाक्य के मकान के पास कैलाश, नरेश, श्रीपाल और अमर सिंह ने उन्हें घेर लिया। तमंचों से फायर कर रक्षपाल की हत्या कर दी गई।
दोनों हत्याओं के मामलों में लंबे समय तक चली सुनवाई के बाद अदालत ने कौशलेंद्र हत्याकांड में बबलू उर्फ अनिल कुमार और बबलू पुत्र वेदपाल को दोषी ठहराया। वहीं रक्षपाल हत्याकांड में कैलाश और नरेश चंद्र पर दोषसिद्ध किया। बबलू पुत्र वेदपाल को हत्या के मुकदमे के साथ शस्त्र अधिनियम के मामले में भी दोषी करार दिया।