चोरी के बाद बिखरा पड़ सामान। अमर उजाला
- फोटो : FARRUKHABAD
मोहम्मदाबाद(फर्रुखाबाद)। पूर्व ब्लाक प्रमुख के इंटर कॉलेज में घुसे चोर कमरों के ताले तोड़कर चार लाख के कंप्यूटर व अन्य सामान चुरा ले गए। पुलिस ने प्रधानाचार्य की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कालेज के चौकीदार को हिरासत में लिया है।
नवाबगंज रोड स्थित पंडित बाबूराम इंटर कॉलेज कस्बा निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख ओमप्रकाश चंदेल का है। यहां शनिवार की रात घुसे चोर प्रधानाचार्य कक्ष, एनसीसी कक्ष, स्टोर व कार्यालय के ताले तोड़कर 12 कंप्यूटर, एलइडी टीवी, इनवर्टर, चार हजार रुपये, जेनरेटर की बैटरी, किताबें व अन्य सामान चुरा ले गए। सुबह लगभग चार बजे चौकीदार मुकेश कुमार वाल्मीकि निवासी नगला सुहान खां ने सहायक लिपिक नवीन कुमार राघव को चोरी की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने प्रधानाचार्य अनूप कुमार चतुर्वेदी की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस ने जब चौकीदार मुकेश कुमार से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह कॉलेज के ऊपर बने भवन में सो रहा था। पुलिस ने वहां पर छानबीन की तो पता चला कि चोरों ने उसके कमरे का भी ताला तोड़ा था। सवाल ये है कि जब मुकेश कमरे के अंदर था तो ताला बाहर से कैसे लग सकता है। पुलिस ने शक होने पर चौकीदार को हिरासत में ले लिया है। कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस शीघ्र ही घटना का खुलासा करेगी। चौकीदार से पूछताछ की जा रही है।