रस्तोगी इंटर कालेज की बंद दुकान के बाहर पटिया पर अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर सिपाही मौके पर पहुंचे और लिखित तहरीर देने की बात कही। कोतवाल के हड़काने पर छह घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
शहर के रेलवे रोड रस्तोगी इंटर कालेज की एक बंद दुकान की पटिया पर बुधवार की सुबह 9 बजे अज्ञात अधेड़ का शव पड़ा देखकर इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इसकी सूचना रेलवे रोड चौकी पुलिस को दी गई।
काफी समय तक पुलिस के न पहुंचने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद कई लोग चौकी पर जा पहुंचे। सूचना मिलने पर चौकी के सिपाही दीप सिंह, ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर स्थानीय लोगों से सिपाहियों ने कहा कि वह लोग लिखित दें।
इसके बाद शव का पंचनामा भरा जाएगा। यह सुनकर लोगों ने इसकी सूचना मोबाइल पर शहर कोतवाल को दी। सूचना मिलने पर कोतवाल ने सिपाहियों को हड़काया। तब कहीं जाकर दरोगा महावीर सिंह ने मौके पर जाकर कालेज के चौकीदार राजकुमार से तहरीर लेकर शव का पंचनामा भरा। पुलिस का कहना था कि मरने वाला भिखारी था। उसकी 55 साल उम्र थी।