फोटो- 27 शहर के मसेनी चौराहा स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल में गैस रिसाव होने के बाद वहां भर्ती मरीज क
फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर ग्लोबल हॉस्पिटल में रविवार देर शाम ऑपरेशन थिएटर में औजारों को कीटाणु रहित करने में प्रयोग होने वाली फार्मेलिन गैस का रिसाव हो गया। इससे अस्पताल में भर्ती प्रसूताएं और नवजात छटपटाने लगे। तीमारदार नवजातों को लेकर बाहर भागने लगे।
प्रसूताओं के लिए स्ट्रेचर न मिलने पर तीमारदार और स्टाफ के बीच मारपीट भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसीएमओ ने जांच शुरू की। तीन प्रसूताओं और नवजातों को लोहिया अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। दमकल कर्मियों ने गैस के प्रभाव को कम करने के लिए पानी की बौछार की।
मसेनी के पास स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल में देर शाम फार्मेलिन गैस का रिसाव होने से अफरातफरी मच गई। अस्पताल के प्रथम तल पर भर्ती प्रसूताओं, नवजात शिशुओं, तीमारदारों की आंखों में जलन और गले में घुटन होने लगी। तीमारदार नवजात शिशुओं को लेकर बाहर भाग गए। ऑपरेशन होने के कारण प्रसूताओं के लिए तीमारदारों ने स्टाफ से स्ट्रेचर मांगा, न देने पर विवाद होने लगा और मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलते ही कादरीगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आंखों में जलन व गले में घुटन से अंदर घुसने की हिम्मत न जुटा सकी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और पानी की बौछार की।
एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने पहुंचकर मरीजों को जिला महिला अस्पताल में शिफ्ट कराया। स्टाफ के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू की है। खबर लिखे जाने तक अस्पताल संचालक मौके पर नहीं पहुंचे। देर रात तक अधिकारी मौके पर ही डटे रहे। एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि प्रथमदृष्टया अस्पताल प्रशासन की लापरवाही है। संचालक का न आना गैर जिम्मेदाराना है। तीन प्रसूताओं को शिफ्ट करवा दिया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल संचालक डॉ. कमलेश शर्मा ने बताया कि ड्रेसिंग रूम में औजारों के स्टरलाइजेशन के दौरान एक अनजान तीमारदार ने गेट खोल दिया था। इसी के चलते गैस बाहर निकलने लगी। इससे कोई नुकसान नहीं होता। अस्पताल के स्तर पर कोई लापरवाही नहीं हुई।
फोटो- 27 शहर के मसेनी चौराहा स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल में गैस रिसाव होने के बाद वहां भर्ती मरीज क