मोहल्ला चिलौली पठान में पकड़ी गई सोनपापड़ी को देखते एसडीएम व पुलिस फोर्स।
- फोटो : FARRUKHABAD
उप जिलाधिकारी अमित आसेरी व भारी पुलिस फोर्स के साथ खाद्य सुरक्षा टीम ने नगर के मोहल्ला चिलौली पठान में एक व्यापारी के घर छापा मारा। सस्ते दामों में बेची जा रही भारी मात्रा में सोहन पापड़ी मिली। सोहन पापड़ी को सील कर नमूना लिया गया है।
नगर में सोमवार को 50 रुपये प्रति किलो सोहन पापड़ी बिक्री की आम चर्चा हो गई। मिठाई की दुकानों पर 200 से 250 रुपये किलो तक भाव है। सोमवार को एसडीएम अमित आसेरी ने खाद्य सुरक्षा टीम के सुभाष तिवारी, विजेंद्र कुमार, संतोष वर्मा व पुलिस फोर्स के साथ मोहल्ला चिलौली पठान निवासी कृष्णवीर प्रसाद के यहां छापा मारा।
उनके घर से सस्ते दामों में बिकने बाली करीब 570 किलो सोहन पापड़ी बरामद हुई। टीम ने जांच के लिए एक नमूना लिया और सोहन पापड़ी को सील कर उनकी सुपुर्दगी दे दिया गया है। खाद्य निरीक्षक विजेंद्र कुमार ने बताया कि बाजार भाव से बहुत ही कम कीमत पर कोई व्यापारी कैसे व्यापार कर सकता है।
इससे सोहन पापड़ी मिलावटी होने की आशंका है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। व्यापारी कृष्णप्रसाद सोहन पापड़ी के अलावा बतासा का काम करते हैं। पूछताछ में व्यापारी ने बताया कि यह माल वह कन्नौज जनपद के छिबरामऊ से लाते हैं।