अमृतपुर। गंगा का जलस्तर दूसरे दिन भी चेतावनी बिंदु से पांच सेंटीमीटर दूर स्थिर रहा। खेतों में पानी भरने से किसान चिंतित हैं। उनकी फसलों की बुआई लेट हो जाएगी। वहीं रामगंगा का जलस्तर 65 सेंटीमीटर और बढ़ गया है।
गंगा का जलस्तर बुधवार को 136.55 मीटर पर स्थिर है। चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर पर है। नरौरा बांध से 90 हजार 570 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
गंगा के किनारे के गांव जोगराजपुर, लायलपुर, सुंदरपुर, तीसाराम की मड़ैया, हरसिंहपुर कायस्थ, ऊगरपुर, रामपुर आदि गांव के फिर से पानी पहुंचने लगा है।
किसानों के खेतों से पानी निकल नहीं पाया था। इस बीच फिर से पानी भरने लगा है।
इससे ग्रामीण परेशान हैं। किसानों का कहना है कि गंगा का पानी खेतों में भरने से सरसों आदि की फसलों की बुआई लेट हो जाएगी।
करनपुर घाट, तीसाराम की मड़ैया के सामने गंगा तेजी से कटान कर रही हैं। रामगंगा का जलस्तर 135.50 मीटर से बढ़कर 136.15 मीटर पर पहुंच गया है।
खो, हरेली, रामनगर बैराज से रामगंगा में 42 हजार 299 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।