ठग गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। ऑनलाइन फर्जी ट्रांसपोर्ट कंपनी में माल बुककर पार करने वाले पांच ठगों को पुलिस ने दबोच लिया है। उनके पास से पांच हजार रुपये और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपियों में चार जिले और एक शाहजहांपुर का निवासी है।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर नगर के मोहल्ला अग्रसेन वार्ड देवेश्वर कालोनी निवासी सोमनाथ सिंह ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें श्याम ट्रांसपोर्ट के नाम से ठगी करने का आरोप है। तहरीर में आरोप लगाया कि सोशल मीडिया व नेट पर ट्रांसपोर्ट कंपनी की जानकारी दी।
उनके यहां से माल का लदान कराया और उसे (माल) गायब कर दिया। एसपी अशोक कुमार मीणा ने एसओ जसवंत सिंह व एसओजी प्रभारी जेपी शर्मा को कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस ने गांव गुड़ेरा निवासी राघवेंद्र सिंह उर्फ नन्हें, गौरव कुमार, शिवम सिंह उर्फ दीपू, परिमाल और शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के गांव टिगरी निवासी अंकित सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
इनके पास से पांच हजार रुपये और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए। सीओ अमृतपुर अजेय कुमार शर्मा ने बताया कि ये गैंग फर्जी ट्रांसपोर्ट कंपनी के जरिये ठगी कर रहा था। एडवांस भाड़ा लेने के साथ गिरोह व्यापारियों का माल भी गायब कर देते थे।