नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बरतल में कोटेदार व उसके परिजन रविवार की रात को छत पर सो रहे थे। चोर नीचे के कमरों के ताले तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के जेवरात व नगदी चोरी कर ले गए। सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
गांव बरतल निवासी राशन कोटेदार अनवार अली रविवार रात छत पर परिवार के साथ सो रहे थे। नीचे मेन गेट में अंदर से ताला पड़ा था। चोर घर की बाउंड्रीवाल कूदकर प्रवेश कर गए। इसके बाद कमरों के ताले तोड़ दिए। वहां रखे बक्से व अलमारी खंगाल डालीं। इसके बाद चोर मेन गेट का ताला तोड़कर बाहर निकल गए।
सुबह अनवर अली उतर कर नीचे आए तो घर की हालत देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने अन्य परिजनों को आवाज दी। इस पर वह भी छत से नीचे आए और मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की।
अनवर अली ने बताया कि घर में रखे 70 हजार रुपये और करीब साढ़े चार लाख रुपये से अधिक के जेवर आदि सामान चोर चोरी कर ले गए हैं। थानाध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।