कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने क्षेत्रीय वन अधिकारी समेत पांच लोगों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने दर्ज कराए मुकदमे में कछुए की गलत बरामदी दिखाकर झूठा मुकदमा दर्ज कराने का भी आरोप लगाया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गंगानगर शिव मंदिर वाली गली निवासी शुभमकांत तिवारी ने आवास विकास कालोनी निवासी क्षेत्रीय वन अधिकारी उदय प्रताप सिंह व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर फतेहगढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
इसमें बताया कि उसकी फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला मछली टोला में श्रीबाला जी पेट शॉप के नाम से दुकान है। दुकान पर वह और उसका भाई सौरभ मछली व कुत्ते बेचते हैं। 1 जनवरी को क्षेत्रीय वन अधिकारी उदय प्रताप सिंह व चार अज्ञात लोग दुकान पर कुुत्ता खरीदने के लिए आए।
इनको तीस हजार व पंद्रह हजार के कुत्ते दिखाए। इस पर उदय प्रताप ने कह कि वह वन अधिकारी हैं कुत्ते का एक रुपये नहीं देंगे। इस पर दोनों भाइयों ने बिना रुपये के कुत्ता देने से इनकार कर दिया।
आरोप लगाया कि वन अधिकारी ने तमंचा निकालकर दस हजार रुपये के डॉग फूड का पैकेट व गोलक से तीन हजार रुपये लूट लिए। इस मामले में थाने में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही।
10 जनवरी को क्षेत्रीय वन अधिकारी अपने साथियों के साथ दुकान पर कछुए लेकर आए और उसकी दुकान में रखे जार से कछुए की बरामदगी दिखाकर भाई सौरभ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाकर उसका चालान करवा दिया। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने बताया कि कोर्ट के आदेेेश पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।