कंपिल (फर्रुखाबाद)। अटैना घाट पर नहाते समय पांच दोस्त डूब गए। तीन को घाट पर मौजूद लोगों ने बचा लिया, दो की मौत हो गई। एक घंटे बाद गोताखोरों दो शवों को खोजकर निकाला।
अटैना गंगा घाट (बदायूं क्षेत्र) पर रविवार दोपहर कंपिल कस्बे के मोहल्ला मांझ गांव निवासी राजकुमार का पुत्र सोहेल (18), राजेंद्र का पुत्र रिंकू (20), रघुनंदन का पुत्र सौरभ (18), वल्ली वर्मा का पुत्र अनमोल (19) व गांव हमीरपुर निवासी सचिन (20) स्नान कर रहे थे। तभी सचिन व अनमोल गहरे पानी में जाने से डूबने लगे। दोनों को बचाने के लिए सोहेल, रिंकू व सौरभ आगे बड़े, तो सभी गंगा के गहरे पानी में डूबने लगे। सुहेल को डूबता देख आसपास स्नान कर रहे लोगों ने शोर मचाया तो घाट पर मौजूद कुछ युवक गंगा में कूद गए।
लोगों ने एक-एक कर सोहेल, रिंकू व सौरभ को बचा लिया। युवकों ने बताया उनके दो दोस्त सचिन व अनमोल गहरे पानी में चले गए है। सूचना पर बदायूं जिले की चौकी कटरा का फोर्स मौके पर पहुंचा। तीन गोताखोर लगाए गए। आठ गोताखोर स्टीमर के साथ लगाए गए। गोताखोरों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद सचिन व अनमोल के शव गंगा से बरामद कर लिए।