फर्रुखाबाद। लालगेट से बीबीगंज तक के मुख्यमार्ग पर चिह्नीकरण और तोड़फोड़ से दहशतजदा व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन डीएम को सौंपा। व्यापारियों ने कहा कि पहले रेलवे रोड को सुंदर बनाया जाए, उसके बाद अतिक्रमण हटाया जाए।
अधिवक्ता लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में व्यापारियों ने डीएम को मुख्यमंत्री के नाम चार सूत्री ज्ञापन दिया। इसमें कहा कि सिटी मजिस्ट्रेट, पालिकाध्यक्ष, ईओ और स्थानीय पुलिस का गठजोड़ है। व्यापारियों, आम जनता की दुकानों, भवनों पर बुलडोजर चल रहा है। बिना नोटिस के बाजारों में इमारतें तोड़ी जा रही हैं।
ईओ और पालिकाध्यक्ष घटिया निर्माण करवा रहे हैं।
बारिश होने पर रेलवे रोड के व्यापारी परेशान होंगे। सुंदरीकरण की योजना में लागत के होर्डिंग लगाए जाएं। कहा कि रेलवे रोड का पूरी तरह सुंदरीकरण करने के बाद ही दूसरे बाजार का अतिक्रमण हटाएं। इस मौके पर सौरभ शुक्ला, अनुपम रस्तोगी, शिवांग रस्तोगी, दिनेश चंद्र चौरसिया, सुधीर पटवा, मोहसिन हुसैन, विकास, विजय दीक्षित, राजेश दीक्षित आदि थे।
धरी रह गई जुलूस निकालने की योजना
व्यापारियों ने सोमवार को जुलूस की शक्ल में लालगेट तक जाने और फिर वहां से बाइकों से कलक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन देने की बात कही थी। मगर रातों रात योजना में बदलाव कर कुछ व्यापारी डीएम के यहां पहुंचे और ज्ञापन देने की औपचारिकता पूरी की।