गांव बंथल शाहपुर में बुधवार को प्राइमरी पाठशाला में एसडीएम सदर की मौजूदगी में चकबंदी को लेकर हो रही बैठक के दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख व ग्रामीणों के बीच फायरिंग व पथराव हो गया। इसमें एसडीएम सदर बाल-बाल बच गए और भागने में गिर भी पड़े।
चकबंदी अधिकारी व राजस्व कर्मियों ने भी खेतों की ओर भागकर जान बचाई। बाद में पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 लोगों को खदेड़ कर पकड़ लिया। पथराव में दोनों ओर के दो लोग घायल हुए हैं।
एसडीएम सदर अनिल कुमार, चकबंदी अधिकारी राजेश त्रिपाठी, सहायक चकबंदी अधिकारी जुगेंद्र पाल, लेखपाल बिजेंद्र प्रताप व अन्य राजस्व कर्मचारी चकबंदी संबंधि बैठक के लिए प्राइमरी पाठशाला में पहुंचे। वहां पूर्व ब्लाक प्रमुख उमर खां, उनके प्रधान भाई युसुफ खां, भतीजा मुंशी खां अपने समर्थकों के साथ में पहुंचे।
दूसरे पक्ष से गांव के हसमत जंग खां व उनके समर्थक आए। बैठक में लोगों ने बताया कि एक वर्ष पहले बैठक में चकबंदी न कराए जाने के पक्ष में सात वोट ज्यादा पड़े थे। तभी एक ग्रामीण ने आमिद पर दो बीघा जमीन ज्यादा जोतने का आरोप लगाकर शिकायत की। इस पर एसडीएम ने पूरे गांव की जमीन की नापजोख की बात कही।
अधिकारियों ने चकबंदी के पक्ष व विपक्ष में ग्रामीणों को बैठने के लिए कहा। इस पर दोनों पक्षों के लोग गांव के लोगों को अपनी ओर बैठाने के लिए खींचातानी करने लगे। इस पर गालीगलौज और पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते लाइसेंसी व अवैध हथियारों से दोनों पक्ष से ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। इससे भगदड़ मच गई।
एक गोली एसडीएम के पास से निकल गई। भागने में वह गिर भी पड़े। चकबंदी अधिकारियों व कर्मचारियों ने खेतों में भागकर जान बचाई। इस दौरान वहां मौजूद चीता मोबाइल के सिपाही मूक दर्शक बने रहे। फायरिंग की सूचना पर जहानगंज व कमलागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने फायरिंग कर भाग रहे दोनों पक्षों से 11 लोगों को दबोच लिया। पथराव में जुबैर, अशफाक घायल हो गए।
एसडीएम अनिल कुमार ने बताया कि पूर्व ब्लाक प्रमुख व उनके भाई भतीजे के अलावा समर्थकों ने व दूसरे पक्ष से हसमत जंग खां के लोगों ने लाइसेंसी व अवैध असलहों से फायरिंग व पथराव किया है। मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उमर पक्ष से पकड़े गए लोग
पूर्व ब्लाक प्रमुख उमर खां की ओर से पुलिस ने उवैस, अरशद, समधन के नगर पंचायत अध्यक्ष के ड्राइवर बदन सिंह निवासी गांव जोगा कोतवाली गुरसहायगंज जिला कन्नौज, अमित निवासी फतनपुर थाना नवाबगंज व गांव के ही गुरफान, हयात को पकड़ लिया है।
हसमत जंग खां की ओर से पकड़े गए लोग
हसमत जंग खां उर्फ हस्सू ने प्रधान का चुनाव लड़ा था। पर वह हार गए थे। उनकी ओर से पुलिस ने तस्लीम, नागेंद्र पाल,सलीम, निजाम, रियाज को पकड़ लिया है। सभी को थाने में कड़ी निगरानी में रखा गया है।
सीओ मोहम्मदाबाद व दो थानों की पुलिस ने डाला डेरा
चकबंदी की बैठक के दौरान चीता मोबाइल के सिपाही मौजूद थे। पथराव व फायरिंग के बाद एसपी के आदेश पर एसओ कमालगंज अंगद सिंह, जहानगंज एसओ पूनम जादौन व मोहम्मदाबाद सीओ राजवीर सिंह, कोतवाल राकेश कुमार, यूपी 112 की गाड़ियां फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गईं जो देर रात तक वहीं डेरा डाले हैं।