सेशन हवालात के पास लगी आग बुझाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। दीवानी न्यायालय परिसर स्थित सेशन हवालात के पास आग लगने से हवालाती बंदियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मी और न्यायालय कर्मियों ने बाल्टियों से पानी डालना शुरू किया। दमकल टीम के पहुंचने से पहले कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया।
दीवानी न्यायालय परिसर स्थित सेशन हवालात की दीवार के पास कूड़े का ढेर लगा था। कूड़े में संदिग्ध परिस्थितियों में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। जोर-जोर लपटें उठती देख हवालात के बंदियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
यह देख सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी हैरान हो गए। पुलिस और न्यायालय कर्मियों ने आग बुझाने के लिए बाल्टियों से पानी डालना शुरू किया। यह जानकारी दमकल विभाग को दी गई। हालांकि दमकल टीम पहुंचने के पहले ही कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था। सेशन हवालात प्रभारी दरोगा रमाकांत द्विवेदी ने बताया कि मंगलवार को हवालात में 64 बंदी आए थे। कूड़े के ढेर में किसी तरह आग लग गई थी। उस पर काबू पा लिया गया।