नगर के मोहल्ला इमली दरवाजा में शुक्रवार देर रात स्विच बोर्ड में शार्ट सर्किट होने से मकान में आग लग गई। इस हादसे में एक किशोरी जिंदा जल गई और उसकी बहन व मां भी गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे में नगदी, जेवर सहित गृहस्थी का सामान भी जल गया।
शमशाबाद के मोहल्ला इमली दरवाजा में फहीम पुत्र अलीशेर परिवार के साथ रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी राबिया, दो बेटियां फरजाना , शीबा 17 के अलावा दो बेटे अनीस व पप्पू है। पप्पू दिल्ली में रहकर नौकरी करताहै। शुक्रवार रात करीब नौ बजे बीड़ी लेने बाजार गया था। अनीस मोहल्ले में रहने वाले चाचा मोइन के घर पर था। राबिया दोनों बेटियों के साथ कमरे में लेटी थी। इसी बीच बिजली के स्विच बोर्ड में शार्ट शर्किट से घर में आग लग गई। कुछ ही देर में पूरे कमरे में आग फैल गई। कमरे लकड़ियां रखी होने से आग ने विकराल रूप ले लिया।
मां और दो बेटियां आग की चपेट में आ गईं। चीख सुनकर मोहल्ले लोग और फईम दौड़े। पुलिस को सूचना देने के साथ लोग आग पर काबू करने में जुट गए। पुलिस के पहुंचने के पहले लोगों ने आग पर काबू कर लिया। मुईन ने 108 एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस लेट होती देख इजहार खां ने अपने गाड़ी से तीनों घायलों को सीएचसी शामशाबाद पहुंचाया। गंभीर हालत के चलते डॉक्टर नेे तीनों को लोहिया रेफर कर दिया। लोहिया में डॉक्टर ने शीबा को मृत घोषित कर दिया। इलाज कराने के बाद झुलसे मां, बेटी को परिजन घर ले गए। परिजनों के पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव उनके सुपुर्द कर दिया। शनिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों और चुनाव लड़ रहे अन्य प्रत्याशियों ने शोक जताया। फईम ने बताया कि आगिभनकांड में तीस हजार रुपये, एक जोड़ी झुमकी, पायल और गृहस्थी का सामान जल गया।