फर्रुखाबाद। एक फर्नीचर की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। ग्रामीणों ने डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। तब तक करीब 40 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल के पहुंचने से पहले आग बुझाई जा चुकी थी।
शहर के चिलसरा रोड पुरानी चुंगी निवासी भाजपा नेता दामोदर राजपूत की रामपुर ढपरपुर में दो मंजिला मकान में फर्नीचर का बड़ा काम है। दामोदर ने मंगलवार शाम करीब चार बजे दुकान बंद कर दी थी। रात करीब नौ बजे आसपास लोगों ने दुकान से धुआं निकलता देखा। इसके बाद जानकारी दामोदर को दी गई। कुछ ही देर में पहुंचकर शटर खोला तो आग की लपटें उठ रही थीं।
आग ने पूरी दुकान को अपनी गिरफ्त में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण बाल्टी लेकर आग बुझाने पहुंचे। इसकी सूचना दमकल को भी दी गई। गाड़ी के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पूरी तरह बुझा ली।
दुकान मालिक दामोदर ने बताया कि दुकान के आगे और पीछे गोदाम में माल भरा था। दो मंजिला भवन भी आग की वजह से गर्म हो गया। आग से करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान में सामान के बिल, बाउचर आदि कागजात भी काउंटर की रेक में रखे थे। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।