शमसाबाद। गांव समौचीपुर चितार निवासी निहाल खां के घर में छप्पर पड़ा था। बुधवार को निहाल खां के छप्पर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इससे उठी लपटों से पड़ोसी मनी खां के छप्पर ने भी आग पकड़ ली। इससे घरों में रखे कपड़े भी जलने लगे।
दोनों घरों से परिजन बाहर निकल आए और शोर मचाने लगे। गांव के लोग एकत्र हुए और पंपसेट चलाकर आग पर पानी डालने लगे। करीब एक घंटे की मशक्कत करने के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। तब तक दोनों ग्रामीणों के घरों में रखी सामग्री, जेवर व नगदी जलकर राख हो गई। निहाल खां ने बताया कि आग से उसके 3900 रुपये, जेवर व घरेलू सामान जल गया है। उसका करीब 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मनी खां ने बताया कि घर में रखे दो हजार रुपये, जेवर व घरेलू सामान जल गया। करीब 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
बच्चों के खेल-खेल में दो बीघा गेहूं की फसल जली
शमसाबाद। थानाक्षेत्र के गांव नैगवां में श्याम सिंह के बच्चे खेत के पास आलू भून रहे थे। आलू भूनने के दौरान उड़ी चिंगारी से श्याम सिंह के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। बच्चों के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर आए और पंपसेट चलाकर पानी डाल कर आग पर काबू पाया। ग्रामीण ने बताया कि फसल जलने से करीब आठ हजार रुपये का नुकसान हुआ है।