थाना क्षेत्र के मोहल्ला तराई के रहने वाले मुन्ना के घर में जलते दीपक से रविवार रात आग लग गई। आग से 20 हजार की नगदी के अलावा सोने-चांदी के जेवर और घरेलू सामान जल गया।
आग बुझाने में पड़ोसी झुलस गया, जिसका सीएचसी में उपचार कराया गया। करीब पौन घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
मोहल्ला तराई निवासी मुन्ना रविवार रात करीब 10 बजे कमरे में लेटे थे। उनकी पत्नी शबीनी बच्चों के साथ दूसरे कमरे में लेटी थीं। मुन्ना ने जलता दीपक को जंगले में रख दिया। जंगले के पास में ही रस्सी बंधी थी, जिसमें कपड़े टंगे थे। इस दौरान दीपक की लौ से कपड़ों में आग लग गई।
मुन्ना कमरे में आग लगी देख शोर मचाते हुए बाहर आए। पत्नी व बच्चों को लेकर घर से बाहर आए और चीख-पुकार मचाने लगे। आसपास के लोग पहुंचे। आग बुझाने के दौरान पड़ोसी जमील हल्का झुलस गया। उसका रात में ही सीएचसी में उपचार कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर चेयरमैन विजय गुप्ता मौके पर पहुंचे और एसडीएम को सूचना दी। सोमवार को लेखपाल प्रमोद शुक्ल मौके पर पहुंचे और मौका-मुआयना कर लौट गए। पीड़ित मुन्ना ने बताया कि आग से तकिया में रखी 20 हजार की नगदी, सोने-चांदी के जेवर और घरेलू सामान जल गया।