शमसाबाद। ढाई घाट मेले में रह रहे साधु मौज नाथ गिरी की तीन झोपड़ी में आग लगने से हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
साधु मौज नाथ गिरी काफी समय से ढाई घाट पर निवास कर रहे हैं। झोपड़ी में जल ररे दीपक से अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें पास में रखी दो और झोपड़ी तक भी पहुंच गई। इससे वह भी जल गईं। थानाध्यक्ष रमेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग लगने की घटना रात करीब 8:30 बजे की है। सूचना पर दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा हादसा टल गया। बाबा मौजनाथ के अनुसार लगभग एक लाख का सामान जलकर राख हो गया है। थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया आश्रम में आग लगने से तीन झोपड़ियां जलकर राख हो गई हैं।