फर्रुखाबाद। ताई को फोन पर गाली देने की शिकायत करने पर बांका मारकर युवक की हत्या में मां व दो बेटों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुख्य आरोपी के अलावा अन्य की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। त्योहार में इकलौते बेटे की हत्या से घर में मातम पसरा है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव गंगोली में सोमवार रात वैभव कनौजिया (18) के पेट में बांका मारकर हत्या कर दी गई थी। ताऊ अखिलेश कुमार ने गांव के ही राजेश कनौजिया, उसके भाई विजय कुमार और मां पूरना देवी पर हत्या, जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कहा कि सोमवार रात वह फतेहगढ़ कोतवाली के बेवर सड़क स्थित नलकूप कॉलोनी के सरकारी आवास पर थे। इसी समय राजेश ने फोन करके गाली देनी शुरू कर दी। उन्होंने गाली देने का कारण पूछने के लिए अपने छोटे भाई कमलेश और भतीजे वैभव को राजेश के घर भेजा। आरोप है कि जैसे ही वह राजेश के दरवाजे पहुंचे, वहां उसकी मां पूरना देवी खड़ी थीं। शिकायत की तो वह भी गाली देने लगी। उसी समय भाई विजय भी निकल आया। तीनों ने भाई कमलेश पर हमला कर दिया। पास में खड़े भतीजे ने पिता को बचाने का प्रयास किया तो राजेश ने बांका से उसके पेट पर वार कर दिया। इससे वह मौके पर ही गिर गया।
सूचना मिलते ही परिवार के वैभव की मां शोभा, छोटा भाई नीरज और उसकी पत्नी रेनू ने पहुंचकर घटना देखी। इकलौते पुत्र की मौत के बाद घर में मातम पसरा है। घटना के बाद तनाव को देखते हुए पुलिस मुस्तैद है। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि तीन लोगों पर प्राथमिकी लिख ली है। अन्य आरोपी भी पकड़े जाएंगे। दबिश दे रहे हैं। परिवार को न्याय मिलेगा। वैभव के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। सूत्रों के अनुसार वैभव के पेट में नाभि के बाईं ओर गहरा घाव मिला। पेट के अंदर अत्यधिक रक्तस्राव से मौत होने की पुष्टि हुई है।