फर्रुखाबाद। गांव पंजूखिरिया में शुक्रवार को विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिलने के मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर प्रधान सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार को डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम में महिला अल्पी की मौत फांसी लगने से दम घुटने से होना बताया। महिला के शरीर पर पुरानी चोट का निशान मिला है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव पंजूखिरिया में वैभव श्रीवास्तव की पत्नी अल्पी अपने घर के कमरे में फांसी के फंदे पर शुक्रवार को लटकी मिली थी। अल्पी के पिता अनिल कुमार निवासी गांव गुतासी थाना मऊदरवाजा की तहरीर पर पुलिस ने दामाद वैभव, उसके भाई ग्राम प्रधान गौरव श्रीवास्तव, शैलेश उर्फ पिंकू, जेठानी रानी, पूनम के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अनिल ने बताया कि पुत्री अल्पी का चार वर्ष पहले वैभव से विवाह किया था। विवाह के कुछ दिनों बाद ही पति व ससुरालीजन दहेज की मांग कर पुत्री को प्रताड़ित करने लगे थे। ढाई महीने से अल्पी मायके में ही रह रही थी। सात दिन पहले ही वैभव पुत्री को ससुराल बुलाकर ले गया। दामाद वैभव व उसके घरवालों ने पुत्री अल्पी को शुक्रवार को फांसी लगाकर मार डाला।
शनिवार को डॉ. सुमित व डॉ. विवेक के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। अल्पी की मौत फांसी लगने से दम घुटने से होना बताई गई।