राजस्व की मार झेल रहे बिजली विभाग के अफसरों ने एक लाख से अधिक के बकायेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। एक्सईएन ग्रामीण अमर सिंह ने अवर अभियंताओं को लक्ष्य के सापेक्ष एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए है ।
विद्युत वितरण ग्रामीण खंड राजस्व की कमी की मार झेल रहा है। जिले में लगभग 1500 उपभोक्ता हैं, जिनका बकाया एक लाख से अधिक है। इन उपभोक्ताओं को नोटिस भी जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद बकायेदारी जमा नहीं की गई। इसको लेकर विभागीय अधिकारियों ने एक लाख रुपये से अधिक के बकायेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है।
इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। एक्सईएन ग्रामीण अमर सिंह ने बताया कि सभी अभियंताओं को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि एक लाख से अधिक के बकायेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। इसमें लापरवाही बरती गई तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एईआर संतोष प्रसाद ने बताया कि एक लाख से अधिक बकायेदारों को कई बार विभाग की ओर से बिजली बिल का भुगतान करने के लिए नोटिस भेजा जा चुका है।
लेकिन बिल का भुगतान नहीं किया गया है। इस कारण अब एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। अगर किसी उपभोक्ता का बिल खराब है तो वह डिवीजन कार्यालय या एसडीओ कार्यालय में आकर अपने बिल को ठीक करा कर जमा कर दे। अन्यथा एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।