फर्रुखाबाद। शहर से सटे गांव कीरतपुर में तेजी से बुखार फैला है। 100 से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं। गुरुवार काे पहुंची स्वास्थ्य टीम ने जांच की। किट से जांच में पांच लोग डेंगू पॉजिटिव मिले। पुष्टि के लिए एलाइजा जांच कराई जाएगी। मलेरिया विभाग की टीम को 63 घरों में लार्वा मिला। जिसे नष्ट कराया गया।
जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान फ्लाप रहा। ग्रामीण क्षेत्र में न तो सफाई अभियान चला और न ही दवा का छिड़काव किया गया। इससे मच्छरों की भरमार है। इसका नतीजा यह है कि इन दिनों बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। शहर से सटे गांव कीरतपुर में करीब हर घर में बुखार के मरीज हैं। सूचना पर गुरुवार को जिला मलेरिया अधिकारी नौशाद अली टीम के साथ पहुंचे। घरों में देखा गया तो 63 स्थानों पर लार्वा मिला। दवा का छिड़काव व लार्वा नष्ट कराया गया। सीएचसी बरौन की टीम ने स्वास्थ्य शिविर लगाया। इसमें 100 से अधिक मरीजों को दवा दी गई। बुखार के 77 मरीजों की मलेरिया जांच के लिए खून के नमूने लेकर स्लाइड बनाई गई। 77 मरीजों की डेंगू किट से जांच की गई तो पांच मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले।
सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने डिप्टी सीएमओ डॉ.दीपक कटारिया के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने लगातार स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए। गांव में उपस्वास्थ्य केंद्र पर एएनएम की तैनाती के बावजूद प्रसव कक्ष में ताला लटक रहा था। बरौन सीएचसी प्रभारी डॉ.शोभित शाक्य ने बताया कि डेंगू के संभावित पांच मरीजों की एलाइजा जांच कराने के लिए नमूने लिये गए हैं। एलाइजा जांच में ही डेंगू की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने बताया कि आशा व सीएचओ ने गांव में बुखार फैलने की सूचना दी थी। इससे गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।