फर्रुखाबाद। स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में मंगलवार से फर्रुखाबाद क्रिकेट लीग (एफसीएल) टूर्नामेंट शुरू होगा। इसको लेकर स्टेडियम में तैयारियां पूरी कर ली गईं। प्रतियोगिता में अंडर-19 व अंडर-16 की आठ-आठ टीमें प्रतिभाग करेंगी।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित होने वाले टूर्नामेंट को लेकर सोमवार को सचिव मोहनलाल अग्रवाल के नेतृत्व में स्टेडियम की पिच को दुरुस्त किया गया। मैदान की सफाई करवाई गई। बाउंड्रीवाल के आसपास चूना डलवाया गया। खिलाड़ियों ने मैदान पर पहुंचकर अभ्यास भी किया। सचिव ने बताया कि एफसीएल टूर्नामेंट में अंडर-19 और अंडर-16 की आठ-आठ टीमें प्रतिभाग करेंगी। लीग के आधार पर मैच होंगे। प्रत्येक टीम दो-दो मैच खेलेगी।
30 ओवरों का मैच होगा। प्रत्येक गेंदबाज पांच-पांच ओवर गेंदबाजी कर सकेगा। खिलाड़ियों के लिए भोजन आदि की भी व्यवस्था करवाई जाएगी। प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी खिलाड़ी को दिया जाएगा। एफसीएल टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की एक अलग से टीम बनाई जाएगी। यह टीम अन्य जनपदों में होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेगी। उन्होंने बताया कि पांच नवंबर सुबह आठ बजे से एफसीएल टूर्नामेंट का आगाज होगा। पहला मुकाबला टाइगर क्लब और जय हिंद क्लब के बीच होगा। सभी खिलाड़ी रंगीन ड्रेस में ही मैच खेलते नजर आएंगे।