फर्रुखाबाद। गांव धंसुआ के पास सोमवार भोर पहर 132 केवी लाइन का केबल बक्सा फुंकने से याकूतगंज बिजली घर बंद हो गया।इससे 76 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। केबल बक्सा ठीक करने के बावजूद याकूतगंज बिजलीघर नहीं चला। इस पर जसमई बिजली घर से याकूतगंज बिजलीघर से जुड़े गांवों को आपूर्ति दी गई। कर्मचारियों की लाख कोशिशों के बावजूद अभी तक दूसरा फाल्ट नहीं मिल पा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अगर देर शाम तक फाल्ट नहीं मिलता है तो धंसुआ से 132 केवीए लाइन भोलेपुर तक करीब 100 मीटर से ज्यादा केबल बदली जाएगी।
याकूतगंज बिजली घर से 76 गांवों को आपूर्ति होती है। सोमवार सुबह करीब चार बजे याकूतगंज बिजली घर बंद हो गया। जानकारी मिलने पर अवर अभियंता कैलाशचंद्र पाठक ने लाइनमैनों को बुलाकर पेट्रोलिंग शुरू कराई। धंसुआ के पास 132 केवीए लाइन पर डबल पोल का केबल बक्सा फुंका मिला। केबल बक्सा ठीक करने के बावजूद याकूतगंज बिजली घर चालू नहीं हुआ। इसके बाद कर्मचारियों ने जेसीबी से खोदाई कर अंडरग्राउंड लाइन ठीक की, लेकिन फिर भी फाल्ट नहीं मिला।
ईद को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने जसमई बिजली घर से आपूर्ति चालू करवाई। मंगलवार को एक्सईएन ग्रामीण सुनील कुमार व जेई की देखरेख में फिर फाल्ट ढूंढा गया, लेकिन शाम 7 बजे तक फाल्ट नहीं मिला। जेई याकूतगंज ने बताया कि अभी तक फाल्ट नहीं मिला है। धंसुआ में अंडर ग्राउंड 40 मीटर लाइन बदलने का कार्य किया जा रहा है। अगर इसके बावजूद भी याकूतगंज बिजलीघर नहीं चला तो 132 केवीए भोलेपुर से धंसुआ तक करीब 260 मीटर केबल बदलने का काम शुरू किया जाएगा। फिलहाल जसमई उपकेंद्र से याकूतगंज उपकेंद्र को बिजली आपूर्ति दी जा रही है। लोड अधिक होने पर कुछ देर के लिए कटौती जरूर कर दी जाती है।