कायमगंज (फर्रुखाबाद)। अचरा मार्ग पर लुधईया बिजली पावर हाउस के पास सोमवार को तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई।
दीपावली से पहले हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। दोनों आलू का बीज लेने जा रहे थे। थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव पिलखना के मजरा बिछौली निवासी कमलेश मिश्रा (70) अपने पुत्र आलोक मिश्रा (36) के साथ बाइक से कायमगंज स्थित कोल्ड स्टोर पर आलू का बीज लेने जा रहे थे।
इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को सीएचसी कायमगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. विपिन कुमार ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उनकी पहचान जेब में मिले पैनकार्ड से हुई।
कमलेश मिश्रा शिक्षा विभाग में लिपिक पद से कुछ वर्ष पहले कन्नौज से सेवानिवृत्त हुए थे। आलोक दिल्ली की एक फैक्टरी में काम करता था और दीपावली पर परिवार संग गांव आया था। सोमवार को पिता-पुत्र खेत की जोताई के बाद कोल्ड स्टोरेज से आलू का बीज लेने निकले थे, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। शवों को देखकर परिजन बिलखते रहे। आलोक की पत्नी और तीन छोटे बच्चे 12 वर्षीय जुड़वां शौर्य और श्रियांशी तथा नौ वर्षीय बेटी देवांशी बेहाल है। सूचना पर एसआई जगदीश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
फोटो-23,सीएचसी में शव देख बिलखतीं आलोक की पत्नी अनुपम व बेटा।संवाद
फोटो-23,सीएचसी में शव देख बिलखतीं आलोक की पत्नी अनुपम व बेटा।संवाद