फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह को पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर कर दिया है। उनके दो माह के कार्यकाल में पूरा स्टाफ उनके रवैये से त्रस्त था।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने यह कार्रवाई की। विजय सिंह की सितंबर में तैनाती हुई थी। इसके बाद उन्होंने मनमाफिक स्टाफ की तैनाती के लिए जोड़-तोड़ शुरू कर दी थी। उन्होंने दो दीवानों, निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, याकूतगंज चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार और फतेहगढ़ कस्बा इंचार्ज उपनिरीक्षक हेमंत कुमार सहित आठ लोगों को लाइन हाजिर कराया था। कोतवाल के सीयूजी नंबर पर कॉल भी आसानी से रिसीव नहीं होती थी। उनकी शिकायतें सीओ सिटी व पुलिस अधीक्षक तक पहुंच रही थीं। यहां तक कि दो न्यायालय कर्मियों से भी उनकी नोकझोंक हो चुकी थी।
पुलिस अधीक्षक ने फतेहगढ़ कोतवाली के अपराध निरीक्षक तेज सिंह को मोहम्मदाबाद कोतवाली भेजा है। उनके स्थान पर मोहम्मदाबाद कोतवाली के निरीक्षक मुन्नालाल को फतेहगढ़ कोतवाली में तैनात किया गया है। पुलिस लाइन के निरीक्षक आलोक दुबे को चुनाव सेल में तैनात किया गया है।