फर्रुखाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण में फतेहगढ़ कैंट ने ऊंची उड़ान भरी। देश में टॉप टेन में अपना स्थान बनाकर रिकॉर्ड बनाया। वहीं, प्रदेश में वाराणसी कैंट के बाद स्वच्छता के पायदान पर दूसरा स्थान पाया। सूची में राजधानी देशभर में लखनऊ कैंट 11वें और कानपुर 58वीं रैंक के साथ सबसे फिसड्डी रहा।
केंद्रीय शहर विकास मंत्रालय की ओर से कराए गए छावनी क्षेत्रों के स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 का नतीजा बृहस्पतिवार को घोषित किया गया। घोषित परिणामों में फतेहगढ़ कैंट को पूरे देश की टॉप टेन सूची में 10वां स्थान मिला। विगत वर्ष हुए सर्वेक्षण में फतेहगढ़ 13वें स्थान पर रहा था।
परिणाम की घोषणा होने के बाद सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर मनीष जैन ने कैंट के मुख्य अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार व उनकी टीम को बधाई दी। ब्रिगेडियर ने कहा कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, रोड स्कीपिंग मशीन से क्षेत्र की सफाई कराने, चौराहों का सुंदरीकरण कराने के साथ ही पाथवे बनाने से यह संभव हो सका है। सीईओ सुधीर कुमार ने बताया कि छावनी क्षेत्र को ओडीएफ बनाने के साथ ही बृहद पौधरोपण कार्यक्रम भी चलाया गया।
सार्वजनिक प्रसाधन केंद्रों में सुधार के साथ ही रात में प्रकाश व्यवस्था के लिए एलईडी लाइटें भी लगवाई गई हैं। उनका प्रयास है कि वह अब छावनी परिषद को एक नंबर पर लेकर आएं। कहा कि उनके आने से पहले फतेहगढ़ कैंट 56वें स्थान पर था। पूर्व अध्यक्षों के साथ ही वर्तमान अध्यक्षों और मनोनीत सदस्यों के सहयोग से यह सफलता मिली है। उन्होंने छावनी परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक नवाब इदरीस के कार्यों की खुले मन से प्रशंसा की।
प्रदेश में वाराणसी के बाद दूसरे स्थान पर पहुंचा फतेहगढ़
स्वच्छता सर्वेक्षण के जारी परिणामों के अनुसार प्रदेश में फतेहगढ़ वाराणसी के बाद दूसरे स्थान पर पहुंचा है। वाराणसी कैंट को 8616 अंक प्राप्त हुए जबकि फतेहगढ़ को 7429 अंक मिले। तीसरे स्थान पर रहे लखनऊ कैंट को 7401, चौथे स्थान पर रहे बरेली कैंट को 6338 अक मिले। 3452 अंक के साथ मथुरा कैंट पांचवें, 3357 अंक के साथ शाहजहांपुर कैंट छठवें, 2810 अंक के साथ मेरठ कैंट सातवें, 2233 अंक के साथ इलाहाबाद कैंट आठवें, 2081 अंक के साथ आगरा कैंट नौवें और 1598 अंकों के साथ कानपुर 10वें स्थान पर रहा। वहीं देश की रैंकिंग में राजधानी दिल्ली 4496 अंकों के साथ 30वें पायदान पर रही। मथुरा कैंट को 38वां, नैनीताल को 52वां, आगरा कैंट को 57वां और कानपुर कैंट को 58वां स्थान मिला।