उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद स्थित फतेहगढ़ जिला जेल में बंदियों के पास मोबाइल मिलने के मामले में प्रभारी जेल अधीक्षक को हटाने के साथ तीन बंदी रक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। डिप्टी जेलर से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्नाव के जेलर को जिला जेल में तैनाती दी गई है।
डीजी जेल आनंद कुमार के आदेश पर बुधवार को सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक प्रमोद शुक्ला की अगुवाई में एसटीएफ ने जिला जेल में छापा मारा था। बैरक नंबर दो में अमृतपुर निवासी बंदी गौरव, जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव जरारी निवासी सिराज और मुन्ना की निशानदेही पर शौचालय व पेड़ के पास से तीन मोबाइल बरामद किए गए थे।
प्रभारी अधीक्षक की तहरीर पर गौरव, सिराज व मुन्ना के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक की जांच रिपोर्ट डीजी जेल को भेजी थी। वरिष्ठ अधीक्षक प्रमोद शुक्ला ने बताया कि डीजी के आदेश पर बंदीरक्षक वीरेश सिंह, जय प्रकाश, संजीव कुमार को निलंबित कर दिया गया है।